Uncategorized

सुजल फिटनेस जिम में पहली बार आज रक्तदान एवं ड्राइविंग लाइसेंस शिविर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर में सामाजिक जागरूकता और जनसेवा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक नई पहल की जा रही है। छात्र युवा मंच एवं सुजल फिटनेस जिम के संयुक्त तत्वावधान में 1 मार्च 2026 रविवार को रक्तदान शिविर एवं ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर सुजल फिटनेस जिम परिसर विवेकानंद स्कूल के बाजू बजाज शोरूम के ऊपर खैरागढ़ में प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित होगा। आयोजकों के अनुसार रक्तदान शिविर का उद्देश्य अस्पतालों में रक्त की कमी को दूर करना और जरूरतमंद मरीजों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना है। रक्तदान को महादान बताते हुए युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी की अपील की गई है। इसी के साथ ड्राइविंग लाइसेंस शिविर में नए लाइसेंस बनवाने एवं नवीनीकरण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। इससे नागरिकों को प्रशासनिक प्रक्रिया में सहूलियत मिलेगी तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी। रक्तदान करने वाले सभी दाताओं को सम्मानस्वरूप एक एक हेलमेट प्रदान किया जाएगा जिससे वे सड़क सुरक्षा का संदेश भी समाज तक पहुंचा सकें। छात्र युवा मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि सामाजिक सरोकार से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। आयोजकों ने नगरवासियों युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से अधिकाधिक उपस्थिति की अपील की है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page