Uncategorized

डिजिटल क्रॉप सर्वे के बाद होगा ग्राम सभाओं का आयोजन, कलेक्टर ने दिए निर्देश

खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत किए गए गिरदावरी कार्य की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिले की सभी संबंधित ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिले के समस्त ग्रामों में 16 अगस्त से 31 अक्टूबर 2026 तक डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से गिरदावरी का कार्य किया गया है। सर्वे कार्य पूर्ण होने के बाद अब 1 नवंबर से 10 नवंबर 2026 तक ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाएं आयोजित कर पटवारियों द्वारा तैयार की गई ग्रामवार गिरदावरी सूची का सार्वजनिक रूप से वाचन किया जाएगा। इस प्रक्रिया के माध्यम से किसानों को अपनी फसल एवं भूमि से संबंधित दर्ज जानकारी का अवलोकन और सत्यापन करने का अवसर मिलेगा। साथ ही गिरदावरी अभिलेखों में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर उसे सामने लाने में मदद मिलेगी जिससे शुद्ध एवं त्रुटिरहित गिरदावरी सुनिश्चित की जा सकेगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समयावधि में नियमानुसार ग्राम सभाओं का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। संबंधित ग्राम पंचायत सचिव डिजिटल क्रॉप सर्वे के अंतर्गत आने वाले ग्रामों की सूची प्राप्त कर ग्राम सभाओं में पटवारी द्वारा तैयार गिरदावरी सूची का वाचन कराएंगे। इसके साथ ही ग्राम सभा में संपन्न कार्यवाही का विवरण निर्धारित प्रारूप में तैयार कर भू-अभिलेख शाखा को उपलब्ध कराना होगा। कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को ग्राम सभाओं का सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराने तथा गिरदावरी संबंधी जानकारी के सत्यापन में आवश्यक समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page