
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। ग्रामीण क्षेत्र में उच्च शिक्षा सुविधाओं के विस्तार को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने नवीन शासकीय महाविद्यालय ठेलकाडीह के लिए स्थायी भवन निर्माण की मांग उठाई है। इस संबंध में परिषद के कार्यकर्ताओं ने जिलाधीश के माध्यम से उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा के नाम ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। एबीवीपी का कहना है कि ठेलकाडीह महाविद्यालय पिछले आठ वर्षों से अपने स्वयं के भवन के अभाव में एक स्थानीय विद्यालय परिसर में अस्थायी रूप से संचालित हो रहा है। परिषद के प्रदेश सहमंत्री अमन बृज नामदेव ने बताया कि सीमित कक्षों के कारण महाविद्यालय में अध्ययनरत 400 से अधिक छात्र-छात्राओं के साथ-साथ विद्यालय के विद्यार्थियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कॉलेज के विद्यार्थियों को पर्याप्त कक्षाएं, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, शौचालय तथा खेल मैदान जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं जिससे शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। नगर मंत्री ऋतिक कंडरा ने बताया कि महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए भूमि का आवंटन पहले ही किया जा चुका है और उससे संबंधित दस्तावेज विभाग के पास उपलब्ध है। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य के लिए वित्तीय स्वीकृति जारी नहीं की गई है। उनका कहना है कि आवश्यक भूमि उपलब्ध होने के बाद भी प्रशासनिक स्तर पर लंबित प्रक्रियाओं के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। विद्यार्थी परिषद ने ज्ञापन की प्रतिलिपि उच्च शिक्षा विभाग के सचिव, आयुक्त दुर्ग संभाग के अपर संचालक तथा जिला कलेक्टर को भी भेजी है। संगठन ने मांग की है कि आगामी अनुपूरक बजट में भवन निर्माण के लिए आवश्यक राशि का प्रावधान करते हुए जल्द प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जाए। एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो छात्र हितों की रक्षा के लिए संगठन चक्काजाम, तालाबंदी और व्यापक आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होगा जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सहमंत्री अमन बृज नामदेव, नगर मंत्री ऋतिक कंडरा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हर्ष वर्मा तथा उत्कर्ष बघेल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।