टिंगीपुर की बैगा बस्ती तक पहुंचा पेयजल, झिरिया पर निर्भरता हुई कम

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के वनांचल क्षेत्र में स्थित ग्राम पंचायत देवरचा के आश्रित ग्राम टिंगीपुर की बैगा बस्ती में अब पेयजल संकट से राहत मिलने लगी है। जिला प्रशासन की पहल पर गांव में टैंकर के माध्यम से नियमित पानी पहुंचाया जा रहा है जिससे ग्रामीणों को बड़ी सुविधा मिली है। अब तक बस्ती के लोग पेयजल के लिए जंगल के बीच स्थित झिरिया पर निर्भर थे। गर्मी बढ़ने के साथ जल स्रोत कमजोर पड़ने लगे थे जिससे ग्रामीणों को खासकर महिलाओं और बच्चों को लंबी दूरी तय कर पानी लाना पड़ता था। इससे दैनिक जीवन के साथ स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां भी बढ़ रही थीं। स्थिति सामने आने के बाद कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों और पंचायत को तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद ग्राम पंचायत देवरचा द्वारा टैंकर से पानी पहुंचाने की व्यवस्था शुरू की गई है। वर्तमान में बस्ती में नियमित अंतराल पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल पर संतोष जताते हुए कहा कि अब पानी के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है और काफी राहत महसूस हो रही है। प्रशासन की ओर से भविष्य में स्थायी समाधान के तहत नल-जल योजना और अन्य जल संरचनाओं के विकास की दिशा में भी तैयारी की जा रही है। जिला प्रशासन ने बताया कि गर्मी के दौरान किसी भी गांव में पेयजल संकट न हो इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है।

Exit mobile version