KCG

झीरम घाटी के शहीदों को कांग्रेसियों ने किया नमन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। झीरम घाटी नक्सली हमले की 13वीं बरसी पर सोमवार देर शाम शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा जय स्तंभ चौक में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मोमबत्तियां जलाकर झीरम घाटी हमले में शहीद हुए नेताओं और जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने झीरम घाटी हमले को लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला बताया। वक्ताओं ने कहा कि घटना के 13 वर्ष बीत जाने के बाद भी पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिल पाया है। नेताओं ने आरोप लगाया कि आज तक झीरम कांड की पूरी सच्चाई सामने नहीं आ सकी है और हमले के मास्टरमाइंड भी बेनकाब नहीं हुए हैं। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने कहा कि झीरम घाटी की घटना छत्तीसगढ़ के इतिहास का एक काला अध्याय है। इस हमले में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और जवानों ने अपने प्राण गंवाए थे जिन्हें प्रदेश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि शहीदों के सम्मान और न्याय की लड़ाई लगातार जारी रहेगी। जिला महामंत्री मिहिर झा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि देने की अपील की। नेताओं ने कहा कि आज भी पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं और झीरम कांड की निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है। गौरतलब है कि वर्ष 2013 में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा बस्तर से लौट रही थी। इसी दौरान दरभा क्षेत्र के झीरम घाटी में नक्सलियों ने एंबुश लगाकर हमला कर दिया था। इस हमले में बस्तर टाइगर महेंद्र कर्मा, नंदकुमार पटेल, विद्याचरण शुक्ल सहित कई वरिष्ठ नेताओं और जवानों की मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। कार्यक्रम में शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिरमौर, नगर पालिका उपाध्यक्ष अब्दुल रज्जाक खान, नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, जिला महामंत्री आकाशदीप सिंह गोल्डी, मिहिर झा, रविंद्र सिंह गहरवार, शेखर दास वैष्णव, रतन सिंह, मनोज, दयाराम पटेल, पुरुषोत्तम वर्मा, सुबोध पांडे, किशन रजक, महेश यादव, मोहित भोडेंकर, दयालु वर्मा, मंशाराम सिमकर, कन्हैया, हरिदर्शन, अल्ताफ अली, संतोष वर्मा, कोमल वर्मा, कृष्णा यादव, अरुण वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page