Advertisement
KCG

जिले को मिली 5 नई जीवन रक्षक सौगात

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राज्य शासन ने 108 संजीवनी एक्सप्रेस सेवा के तहत 5 नई एम्बुलेंस उपलब्ध कराई हैं। इनमें 1 एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) और 4 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एम्बुलेंस शामिल हैं जो गंभीर एवं सामान्य मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में सहायक होंगी। इन एम्बुलेंसों का शुभारंभ कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, सांसद प्रतिनिधि खम्मन ताम्रकार, नगरपालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. शैलेन्द्र त्रिपाठी, कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल, सीईओ जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। नई एम्बुलेंस अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। इनमें बीपी मॉनिटर पल्स ऑक्सीमीटर ईसीजी मॉनिटर ग्लूकोमीटर ऑक्सीजन सपोर्ट और नेब्यूलाइजर जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। वहीं ALS एम्बुलेंस में गंभीर मरीजों के लिए पोर्टेबल वेंटिलेटर डिफिब्रिलेटर मॉनिटर सिरिंज पंप और लैरिंगोस्कोप जैसे उन्नत उपकरण भी लगाए गए हैं जिससे रास्ते में ही बेहतर उपचार संभव हो सकेगा। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सोनल ध्रुव, जिला लेखा प्रबंधक नवीन चौहान, जिला डेटा प्रबंधक खिलेश साहू सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी और मितानिन कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि इन एम्बुलेंसों के संचालन से आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित उपचार सुनिश्चित होगा और मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलेगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में 108 एम्बुलेंस सेवा का उपयोग करें। नई एम्बुलेंसों के जुड़ने से जिले की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा रेफरल प्रणाली को भी मजबूती मिलेगी।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page