KCG

जिले के 62 बैगा आदिवासी परिवारों को बांटी गई मच्छरदानियां

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय को मच्छरजनित बीमारियों से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पहल तेज कर दी है। आदि अमितान अभियान के तहत संचालित पी.एम. जनमन यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग अभियान के अंतर्गत 8 अगस्त को छुईखदान विकासखंड के तुमडादाह परसाही और दल्ली बैगा बसाहट में 62 बैगा परिवारों को मच्छरदानियों का वितरण किया गया है। दूरस्थ बैगा बस्तियों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार ग्रामीणों तक पहुंच रही है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा के मार्गदर्शन में अभियान का संचालन किया जा रहा है। छुईखदान क्षेत्र में नोडल अधिकारी डॉ. मनीष बघेल के नेतृत्व में स्वास्थ्य अमला स्वास्थ्य जांच, उपचार और जागरूकता गतिविधियां संचालित कर रहा है।

मच्छरदानी वितरण के दौरान ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि रात में सोते समय नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने के साथ घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देना जरूरी है। मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को खत्म कर मलेरिया के संक्रमण को काफी हद तक रोका जा सकता है। ग्रामीणों को बुखार ठंड लगना कंपकंपी सिरदर्द शरीर में दर्द अथवा अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने से बचने की अपील भी की है।

“आदि अमितान” अभियान के जरिए बैगा समुदाय के बीच स्वास्थ्य जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है। अभियान के तहत मलेरिया के अलावा टीबी कुष्ठ सिकल सेल एनीमिया उच्च रक्तचाप मधुमेह और नेत्र रोगों की जांच की जा रही है। महिलाओं में स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की स्क्रीनिंग के साथ जरूरत के अनुसार उपचार और उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफरल की व्यवस्था भी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल बीमारियों की पहचान और उपचार तक सीमित नहीं है बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले पी.व्ही.टी.जी. समुदाय को बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करना भी है। मच्छरदानियों के वितरण से बैगा परिवारों को मलेरिया से सुरक्षा देने के साथ नियमित उपयोग की आदत विकसित करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश वर्मा, बीपीएम बृजेश ताम्रकार, मलेरिया निरीक्षक विवेक मेश्राम, पर्यवेक्षक अमीलाल, आरएचओ वासुदेव, सीएचओ तेजेश्वनी और धनसिंह उइके उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page