KCG

जिला स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की बैठक आयोजित

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. जिला स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ठोस अपशिष्ट नियम 2026 के प्रमुख प्रावधानों एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में बताया गया कि ठोस अपशिष्ट नियम 2026 पूरे प्रदेश में 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो चुका है तथा इसके पालन की निगरानी सर्वोच्च न्यायालय स्तर पर लगातार की जा रही है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी जनप्रतिनिधियों को नियमों की प्रति उपलब्ध कराई जाए तथा आम नागरिकों के बीच व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। बैठक में कहा गया कि अब प्रत्येक ग्राम पंचायत में घर-घर से शत-प्रतिशत कचरा संग्रहण, कचरे का चार अलग-अलग श्रेणियों में पृथक्करण तथा यूजर चार्ज संग्रह करना अनिवार्य होगा। सार्वजनिक स्थलों जैसे सड़क, नाली, तालाब, गार्डन एवं अन्य स्थानों पर कचरा पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल जुर्माना लगाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में कचरे को जलाने की अनुमति नहीं होगी। कचरे के वैज्ञानिक प्रसंस्करण, पुनर्चक्रण, विक्रय एवं सुरक्षित प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा साथ ही अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित मासिक, त्रैमासिक एवं वार्षिक रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य रहेगा। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जिला स्तर पर निगरानी के लिए विशेष सेल का गठन किया जाएगा तथा कलेक्टर को एक वर्ष के लिए विशेष अधिकार प्रदान किए गए हैं जिससे नियमों का उल्लंघन करने वालों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बेहतर कार्य करने वाले ग्राम पंचायतों को सम्मानित करने की भी योजना बनाई गई है। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देते हुए ग्रामीणों को कचरा पृथक्करण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करें।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page