
अभियान के तहत पिलाई जा रही दवा
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के दूसरे दिन जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर पांच वर्ष तक के उन बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिला रही हैं जो पहले दिन किसी कारणवश अभियान से छूट गए थे। अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की दो बूंद पहुंचाना है। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत वैक्सीनेटर दल लगातार ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों का भ्रमण कर घर-घर दस्तक दे रहे हैं। अभियान की निगरानी के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन, डॉ. मनीष बघेल, बीईटीओ के. पी. साहू, आर. पी. गढ़वाल, डी. एल. सोनी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। राज्य स्तर से डॉ. राजा प्रधान तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि डॉ. असीम खान ने भी फील्ड का दौरा कर अभियान की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बच्चा छूटने न पाए। इसके लिए घर-घर सर्वे छूटे बच्चों की पहचान तत्काल टीकाकरण तथा सभी अभिलेखों का सही संधारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने जिले के अभिभावकों से अपील की है कि जब स्वास्थ्य विभाग की टीम उनके घर पहुंचे तब वे शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही पोलियो मुक्त समाज का लक्ष्य निरंतर बनाए रखा जा सकता है।

