अपराध

चार पहिया पिकअप और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में युवक की मौत, दूसरा गंभीर

खैरागढ़। खैरागढ़-लांजी मार्ग पर ग्राम पांडादाह के पास बुधवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक चला रहे 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक में पीछे सवार 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी अनुसार ग्राम साल्हेवारा निवासी पिंटू पटेल (23 वर्ष) पिता अमरूंद पटेल अपने साथी बसंत पटेल (20 वर्ष) के साथ बाइक से पांडादाह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में खून की जांच कराने जा रहे थे। इसी दौरान बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे खैरागढ़ की ओर से आ रहे पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 17 केएस 9511 से उनकी बाइक की भीषण टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी खतरनाक थी कि बाइक चला रहे पिंटू पटेल के सिर में गंभीर चोट आई और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया वहीं बसंत पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे उच्च उपचार के लिए रेफर किया गया है।*112 की टीम ने घायल को पहुंचाया अस्पताल*हादसे के तत्काल बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बसंत पटेल को उपचार के लिए पांडादाह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इधर मृतक पिंटू पटेल के शव को खैरागढ़ स्थित शवगृह लाया गया। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है। दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में पुलिस आगे की जाँच कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page