KCG

गणेश उत्सव में डीजे पर रहेगी सख्ती, मिट्टी की प्रतिमा और निर्धारित समय पर विसर्जन पर जोर

सत्यमेव न्यूज गंडईपंडरिया। आगामी गणेश चतुर्थी एवं गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पंचायत गंडई के सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो ने की। इस दौरान प्रशासन पुलिस और नगर पंचायत के अधिकारियों के साथ विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में एसडीएम अविनाश ठाकुर, थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले और सीएमओ अविनाश देवांगन ने गणेश उत्सव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसे लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस विभाग को संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के साथ ही गणेश पंडालों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखने पर भी चर्चा हुई। भीड़ के कारण जाम की स्थिति निर्मित न हो इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने पर जोर दिया गया।

बैठक में गणेश उत्सव समितियों को मिट्टी की प्रतिमा स्थापित करने की अपील की गई। साथ ही विद्युत पोल के नीचे पंडाल नहीं लगाने पंडालों में विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा डीजे का उपयोग नहीं करने को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए निर्धारित स्थान एवं समय का पालन करने की बात कही गई ताकि यातायात और कानून व्यवस्था प्रभावित न हो। प्रशासन ने गणेश उत्सव समितियों और नागरिकों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द के साथ पर्व मनाएं। अधिकारियों ने कहा कि उत्सव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन करने अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में प्रशासन पुलिस और नगर पंचायत के अधिकारियों ने गणेश उत्सव के दौरान बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर सहमति जताई। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि राकेश ताम्रकार, शैलेन्द्र जायसवाल, विधायक प्रवक्ता अमित टंडन, पार्षद तामेश्वर साहू, यतीश कुंजाम, सावंत देवांगन, शैलेन्द्र दुबे, निकाय से कमल किशोर नेताम, शिव ठाकुर, जितेंद्र बंजारे, युगल ताम्रकार सहित गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page