KCG

गंडई के धोधा समिति में खाद संकट पर कृषि उपसंचालक की त्वरित कार्रवाई

सत्यमेव न्यूज गंडई पंडरिया। खरीफ सीजन के बीच सेवा सहकारी समिति धोधा में यूरिया और डीएपी खाद की कमी से जूझ रहे किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है। किसानों की शिकायत पर कृषि विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए धोधा समिति के लिए उसी दिन खाद की खेप रवाना करने के निर्देश जारी किए। जानकारी अनुसार प्रदेश किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष रणजीत सिंह चंदेल एवं प्रगतिशील किसान श्यामसुंदर जंघेल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला मुख्यालय पहुंचकर कृषि उपसंचालक राजकुमार सोलंकी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने धोधा सेवा सहकारी समिति में पिछले कई दिनों से यूरिया और डीएपी की कमी, वितरण में आ रही परेशानियों तथा इससे किसानों में बढ़ रहे असंतोष की जानकारी देते हुए शीघ्र खाद उपलब्ध कराने की मांग की। कृषि उपसंचालक राजकुमार सोलंकी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपने कार्यालय से ही विभागीय अधिकारियों एवं डबल लॉक प्रभारी से संपर्क किया। उन्होंने जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) सहित संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धोधा सेवा सहकारी समिति के लिए यूरिया और डीएपी की पर्याप्त मात्रा बिना विलंब उपलब्ध कराई जाए तथा परिवहन एजेंसी के माध्यम से उसी दिन खाद की खेप रवाना की जाए।
उपसंचालक के निर्देश के बाद अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी में ही ट्रांसपोर्टर से चर्चा कर धोधा समिति के लिए आवश्यक मात्रा में यूरिया एवं डीएपी भेजने की प्रक्रिया तत्काल शुरू कर दी। कृषि विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों ने राहत की उम्मीद जताई है। किसानों का कहना है कि समय पर खाद उपलब्ध होने से खरीफ फसलों की बुवाई एवं फसल प्रबंधन प्रभावित नहीं होगा। उन्होंने कृषि उपसंचालक राजकुमार सोलंकी की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की। इस दौरान प्रदेश किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष रणजीत सिंह चंदेल, प्रगतिशील किसान श्यामसुंदर जंघेल सहित क्षेत्र के अन्य किसान एवं प्रतिनिधिमंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page