Uncategorized

गंडई के छिराहीडीह में 50 वर्ष से चली आ रही गणेशोत्सव की अनवरत परम्परा

गंडई-पंडरिया। ग्राम छिराहीडीह के दाऊ बाड़ा स्थित शक्ति चौक में बाल गणेश उत्सव समिति द्वारा इस वर्ष भी गणेशोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समिति द्वारा भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित कर दस दिनों तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। बाल गणेश उत्सव समिति द्वारा गणेशोत्सव मनाने की यह परंपरा लगातार 50 वर्षों से चली आ रही है। पांच दशक से जारी इस धार्मिक आयोजन में समिति के सदस्यों के साथ ग्रामीण भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इस वर्ष भी दस दिनों तक प्रतिदिन सुबह-शाम महाआरती, भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं को मोदक एवं प्रसाद का वितरण किया गया।

अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा विसर्जन के लिए समिति एवं ग्रामीणों द्वारा गाजे-बाजे के साथ भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तिमय गीतों पर श्रद्धालु नृत्य करते हुए आगे बढ़े और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर गणपति बप्पा को विदाई दी।शोभायात्रा गांव के समीप बहने वाली सुरही नदी के तट पर पहुंची यहां विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के पश्चात भगवान गणेश की प्रतिमा का श्रद्धापूर्वक जल-विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी श्रद्धालु भावुक नजर आए। नम आंखों से भक्तों ने “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ*के जयघोष के साथ बप्पा को विदाई दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page