राजनांदगांव

खैरागढ़ राजपरिवार के प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर से की मुलाकात

राजकुमार भवानी बहादुर सिंह ने जिले की लंबित समस्याओं के निराकरण की रखी मांग

सत्यमेव न्यूज़/खैरागढ़. खैरागढ़ राजपरिवार के प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधीश डॉ.जगदीश सोनकर से नवीन कलेक्टर परिसर में मुलाकात कर खैरागढ़ राजपरिवार के गौरवशाली इतिहास व जिला निर्माण के बाद खैरागढ़ के विकास की संभावनाओं पर चर्चा की. वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार भवानी बहादुर सिंह की अगुवाई में प्रतिनिधि मंडल ने सर्वप्रथम खैरागढ़ जिला निर्माण के लिये जिलाधीश डॉ.सोनकर को बधाई दी. इस दौरान श्री सिंह ने विस्तारपूर्वक खैरागढ़ राजपरिवार के गौरवशाली इतिहास व राष्ट्रीय स्तर पर राजपरिवार के राजनीतिक नेतृत्व की जिलाधीश को जानकारी दी वहीं नवीन जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सीमित संसाधनों के बीच विकास की अपार संभावनाओं पर भी चर्चा की गई. इस दौरान पूर्व से लंबित क्षेत्र की समस्याओं यथा मुआवजा प्रकरणों के संबंध में विस्तृत चर्चा करते हुये इसके त्वरित निराकरण के लिये भी श्री सिंह ने आम नागरिकों का पक्ष रखते हुये जिलाधीश से संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही की मांग की वहीं क्षेत्र के विकास के लिये सडक़ निर्माण कार्य के साथ ही भविष्य में रेल मार्ग की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई. इस दौरान खैरागढ़ सहित छुईखदान व गंडई क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं ने भी जिलाधीश से भेंट कर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी. इस दौरान प्रतिनिधियों में राजपरिवार के वरिष्ठ सदस्य लाल अशोक सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेतागण गुलाब चोपड़ा, संजू सिंह चंदेल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद ताम्रकार, गंडई कांग्रेस अध्यक्ष रमेश साहू, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अशोक जंघेल, पूर्व जनपद सदस्य मन्नू चंदेल, नरेन्द्र सेन सहित प्रतिनिधि मौजूद थे.

कलेक्टर से मिलकर विभा सिंह ने दी बधाई

इस दौरान दिवंगत राजा विधायक देवव्रत सिंह की पत्नी श्रीमती विभा सिंह ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधीश डॉ.जगदीश सोनकर को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला निर्माण की बधाई दी. जिलाधीश से चर्चा के दौरान विभा सिंह वहां मौजूद रही और कुछ देर बाद वहां से चली गई.

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page