Advertisement
Uncategorized

खैरागढ़ में जी राम जी अभियान को लेकर हुई भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विकसित भारत जी राम जी जनजागरण अभियान को लेकर जिला भाजपा कार्यालय खैरागढ़ में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यशाला की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। कार्यशाला में जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा कि खैरागढ़ उनका पहला आधिकारिक दौरा है और वे जिले के विकास से जुड़े हर विषय पर कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जिले की समस्याओं और सुझावों को खुलकर साझा करें ताकि समाधान की दिशा में ठोस पहल की जा सके। उन्होंने बताया कि विकसित भारत जी राम जी से जुड़ा विधेयक दिसंबर माह में संसद के दोनों सदनों से पारित हो चुका है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि महात्मा गांधी के नाम पर केवल राजनीतिक लाभ उठाया गया जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की स्पष्ट दिशा और नीति के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांव मजबूत होंगे तभी देश विकसित बनेगा। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि खैरागढ़ जिला संगठनात्मक रूप से लगातार सशक्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि मनरेगा को बंद किए जाने का विपक्ष का आरोप भ्रामक है योजना को अधिक प्रभावी स्वरूप में लागू किया गया है। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को जन आंदोलन बनाने में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका होगी। जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेषर साहू ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह कार्यशाला संगठन को अभियान की स्पष्ट दिशा देने में सहायक सिद्ध होगी अभियान के जिला संयोजक घम्मन साहू ने जानकारी दी कि विकसित भारत जी राम जी कानून वर्ष 2025 से प्रभावी है जिसके अंतर्गत 125 दिनों के रोजगार का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि आगामी 27 जनवरी से 10 फरवरी तक सभी मंडलों में कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। पूर्व विधायक कोमल जंघेल ने कहा कि यह योजना देश के गरीब और श्रमिक वर्ग को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। कार्यक्रम का संचालन नवनीत जैन ने किया। कार्यशाला में शशांक ताम्रकार, तीरथ चंदेल, पन्ना मंडावी, खम्हन ताम्रकार, उमा चौबे, गोरेलाल वर्मा, शत्रुघ्न साहू, भावेश कोचर, देवकुमार सेन, दिनेश वर्मा, भोज बंजारे, डॉ. शैलेन्द्र त्रिपाठी, अनीश सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page