

गौ सम्मान आह्वान के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान तेज
27 अप्रैल को तहसील स्तर पर सौपेंगे ज्ञापन
देशी गौवंश संरक्षण के लिए उठ रही मांग
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जीव दया और भारतीय परंपरा से प्रेरित गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत देशभर में देशी गोवंश की सुरक्षा, सेवा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग जोर पकड़ती जा रही है। अभियान पूरी तरह अहिंसक और संविधान सम्मत तरीके से संचालित किया जा रहा है जिसके समर्थन में व्यापक स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। नागरिकों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों से इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की जा रही है। अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि भारतीय संस्कृति में गोवंश को केवल पशु नहीं बल्कि जीवनशैली, कृषि और पर्यावरण से जुड़े महत्वपूर्ण आधार के रूप में देखा जाता है। इसी दृष्टि से देशी गोवंश के संरक्षण और सम्मान के लिए केंद्र और राज्य सरकारों से ठोस कदम उठाने की मांग की गई है। अभियान की प्रमुख मांगों में देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गोमाता को राष्ट्र धरोहर जैसा दर्जा देने, गो सेवा के लिए केंद्रीय कानून बनाने और गौ सेवा मंत्रालय की स्थापना शामिल है। इसके साथ ही गोचर भूमि संरक्षण, चारा नीति तैयार करने, गो-आधारित कृषि को बढ़ावा देने तथा पंचगव्य उत्पादों के अनुसंधान और विपणन को प्रोत्साहित करने की भी मांग उठाई गई है।
कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी अभियान ने जोर दिया है। इसमें गो तस्करी और गौहत्या के मामलों में कड़ी सजा, तस्करी में प्रयुक्त वाहनों की स्थायी जब्ती तथा कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) फंड का एक हिस्सा गो सेवा में अनिवार्य रूप से लगाने की मांग शामिल है। अभियान के संयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी तरह अहिंसक और गैर-राजनीतिक रहेगा। इसमें किसी व्यक्ति विशेष का प्रचार नहीं किया जाएगा और न ही किसी प्रकार का चंदा लिया जाएगा। कार्ययोजना के अनुसार 27 अप्रैल 2026 को तहसील स्तर पर ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इसके बाद जुलाई और अक्टूबर में जिला तथा राज्य स्तर पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर फरवरी 2027 में दिल्ली में शांतिपूर्ण कार्यक्रम आयोजित करने की भी रूपरेखा बनाई गई है। अभियान के तहत नागरिकों, विशेषकर विद्यार्थियों से 27 अप्रैल को जनजागरूकता बढ़ाने और गो संरक्षण के समर्थन में आगे आने की अपील की गई है।
