
झपकी आने से बस चालक के नियंत्रण खोने की आशंका
स्कूटी सवार घायल,इधर हादसे के बाद चालक मौके से फरार
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के ग्राम पंचायत सलगापाट मार्ग में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्कूटी से जा टकराई। हादसे में स्कूटी सवार को चोटें आई हैं जिसका स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया। राहत की बात यह है कि घटना में फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार माँ श्रद्धा ट्रैवल्स की बस क्रमांक CG-10 बीजेड 8506 लोरमी से हैदराबाद की ओर जा रही थी तभी सलगापाट के पास पहुंचने के दौरान बस चालक ने अचानक वाहन से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर चोटें आई है।

नींद में था बस चालक, झपकी आने से नियंत्रण खोने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बस चालक रातभर लगातार वाहन चला रहा था। इसी दौरान सुबह के समय चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।
हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस जांच का इंतजार
घटना के बाद बस चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के काफी देर बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी जिससे लोगों में नाराजगी भी देखी गई। स्थानीय लोगों ने लंबी दूरी की बसों के चालकों की लगातार ड्राइविंग और यातायात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। फिलहाल पुलिस के मौके पर पहुंचने और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। हादसे में किसी बड़ी जनहानि के नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली है लेकिन घटना ने लंबी दूरी के यात्री वाहनों में चालकों की थकान और लगातार ड्राइविंग के खतरे को एक बार फिर उजागर कर दिया है।