अपराध

खैरागढ़ के गुमानपुर में 55 वर्षीय महिला की नृशंस हत्या

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. जिले मुख्यालय से महज 18 किमी दूर ग्राम गुमानपुर में 55 वर्षीय महिला की शनिवार की सुबह संदिग्ध अवस्था में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा कि अज्ञात आरोपी द्वारा महिला की नृशंस हत्या कर दी गई है। जानकारी अनुसार ग्राम मुढ़ीपार के लालमाटी मोहल्ले की रहने वाली श्रीमती पुनिता सिन्हा पति उत्तम सिन्हा उम्र 55 वर्ष मुर्गा दुकान का संचालन करती है। महिला का पति बीते 2 वर्ष से लकवा रोग से ग्रसित है और पुनिता ही घर चलाती थी। शनिवार 8 फरवरी की सुबह तक़रीबन 9 बजे अचानक ग्राम ग़ुमानपुर के कुछ ग्रामीणों की नजर मंजू देवी राजपूत के खेत किनारे पड़े पुनिता सिन्हा की लाश पर पड़ी जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी जानकारी फौरन गातापार जंगल पुलिस को दी और जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम वारदात वाली जगह पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिये खैरागढ़ सिविल अस्पताल भेजा है जहां रविवार की सुबह महिला के शव का पोस्टमार्टम किया जायेगा। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना शुरू कर महिला के हत्यारे की पतासाजी में जुट गई है।

अज्ञात आरोपी के विरुद्ध बीएनसी की धारा 103 (1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या की स्थिति स्पष्ट हो जायेगी और आरोपी शीघ्र पुलिस गिरफ्त में होगा।

आलोक साहू, टीआई गातापार (जंगल)

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page