KCG

सोनभट्टा में कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज, विधायक यशोदा वर्मा ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। ब्लॉक के ग्राम सोनभट्टा में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने किया। प्रतियोगिता में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंची टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विधायक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं बल्कि इससे अनुशासन एकाग्रता आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित होती है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने तथा खेल को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के दौरान सोनभट्टा सहित आसपास के गांवों से पहुंची कबड्डी टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने मैदान में शानदार खेल कौशल और जोश का प्रदर्शन किया जिसका दर्शकों ने भी उत्साहपूर्वक आनंद लिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता नीलांबर वर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, अंकित चोपड़ा सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें खेल भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page