
रानी रश्मि देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय में ‘खेल की बात PM मोदी के साथ’ कार्यक्रम, खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने उनमें खेल भावना विकसित करने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से रानी रश्मि देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय खैरागढ़ में ‘खेलो इंडिया संवाद : खेल की बात PM मोदी के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना एवं मेरा युवा भारत जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के विशेष सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने खेलों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर संवाद किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओ. पी. गुप्ता ने की। इस अवसर पर प्रिंकेश कश्यप, सहायक जिला खेल अधिकारी तथा सीतांशु गुप्ता, खेलो इंडिया फुटबॉल कोच बतौर अतिथि उपस्थित रहे। वहीं यूथ आइकॉन जामनी साहू, डीलू साहू एवं नेमा निषाद, राष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी ने विद्यार्थियों से संवाद कर खेलों के महत्व और खेल के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी।
खेल से व्यक्तित्व विकास के साथ मिलती है नेतृत्व क्षमता
अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं बल्कि इनके माध्यम से युवाओं में अनुशासन आत्मविश्वास नेतृत्व क्षमता टीम भावना और चुनौतियों का सामना करने का जज्बा विकसित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि के खेल का चयन कर नियमित अभ्यास करने और खेल के माध्यम से अपने व्यक्तित्व एवं करियर को नई दिशा देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने खेलों प्रशिक्षण प्रतियोगिताओं और खेल के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं से जुड़े सवाल किए। संवाद के माध्यम से उन्हें ‘खेल की बात PM मोदी के साथ’ पहल के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेल एवं युवाओं से संबंधित विचारों और संदेशों से जुड़ने का अवसर भी मिला। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन यशपाल जंघेल, कार्यक्रम अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. उमेंद कुमार चंदेल, अतिथि व्याख्याता (हिंदी), होमन साहू, शिक्षक (हिंदी), टिकेंद्र वर्मा, संयोजक जनसेवा सेवा संस्थान सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


