KCG

केसीजी जिले में जुआरियों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, तीन थाना क्षेत्रों में 39 गिरफ्तार

खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में 9 नवंबर की रात जिले के तीन थाना क्षेत्रों साल्हेवारा, छुईखदान और ठेलकाडीह में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 39 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ खेलने में प्रयुक्त स्थानों से कुल 15000 रुपये से अधिक की नगदी, ताश की गड्डियां, पांच मोबाइल फोन और छह दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 2 लाख 2 हजार 545 रुपये है। पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार थाना साल्हेवारा पुलिस ने 9 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे मुखबिर की सूचना पर ग्राम आमगांव के बहरा तालाब के पास घेराबंदी कर दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर दबिश दी। यहां मोमबत्ती की रोशनी में 52 पत्ती ताश से जुआ खेल रहे छह लोगों को रंगे हाथों पकड़ा गया। पहली कार्रवाई में सदानंद जामेवार, ऊधो सिंहनदुबे और तोरण मात्रे को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1,290 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई वहीं दूसरी कार्रवाई में संजू निषाद, तिलेश्वर पटेल और दिलीप पांडे को पकड़ा गया। इनके पास से 1305 रुपये नकद और ताश की 52 पत्तियां बरामद हुईं। इस प्रकार दोनों मामलों में कुल 2,595 रुपये नकद और ताश की दो गड्डियां जब्त की गईं। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद जमानतीय मुचलके पर रिहा कर दिया गया। इसी क्रम में थाना छुईखदान पुलिस ने भी 9 नवंबर को व्यापक अभियान चलाकर सात अलग-अलग स्थानों पर जुआ खेल रहे 28 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने ग्राम कोटरा के नया तालाब के पास कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को पकड़ा और उनके पास से 1100 रुपये नकद, ताश की 52 पत्तियां तथा प्लास्टिक की बोरी जब्त की। ग्राम उदयपुर के उदयपुर खार में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर 4250 रुपये नकद, ताश की गड्डी, प्लास्टिक की बोरी और अधजली मोमबत्ती बरामद की गई। इसी तरह ग्राम पदमावतीपुर के गौठान के पास दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पहली कार्रवाई में चार आरोपियों से 750 रुपये और दूसरी कार्रवाई में दो आरोपियों से 1010 रुपये नकद जब्त किए गए। ग्राम विचारपुर में बांध के पास जुआ खेल रहे पांच लोगों को पकड़कर 1400 रुपये नकद बरामद किए गए वहीं ग्राम तेंदूभाठा में नीलू नेताम के घर के सामने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पहली कार्रवाई में तीन आरोपियों से 1400 रुपये और दूसरी कार्रवाई में पांच आरोपियों से 2500 रुपये नकद जब्त किए गए।छुईखदान पुलिस ने इन सभी मामलों में कुल 28 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12410 रुपये नकद, ताश की गड्डियां तथा जुआ खेलने में प्रयुक्त अन्य सामग्री जब्त की। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत दर्ज किए गए। सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें जमानत मुचलके पर रिहा किया गया। थाना ठेलकाडीह पुलिस ने भी 9 नवंबर की रात मुखबिर की सूचना पर ग्राम ढाबा खार स्थित सूखे तालाब के पास दबिश देकर जुआ खेल रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में कांता प्रसाद जांगड़े, एल्विन दास, शीशुपाल यादव, संजय बांधे और जसवंत कुमार मरकाम शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 52 पत्ती ताश और 6,150 रुपये नकद जब्त किए। इस कार्रवाई की खास बात यह रही कि पुलिस ने जुआ खेलने में प्रयुक्त अन्य संसाधनों पर भी कार्रवाई की। घटनास्थल से पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनमें वीवो, ओप्पो, नोकिया और पोको कंपनी के फोन शामिल हैं। इसके अलावा छह दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए। इनमें दो हीरो एचएफ डीलक्स, एक टीवीएस जुपिटर, एक बजाज पल्सर, एक बजाज सीटी 100 और एक होंडा एक्टिवा शामिल हैं। नकदी, मोबाइल और वाहनों सहित जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1 लाख 85 हजार 650 रुपये आंकी गई है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

तीनों थाना क्षेत्रों की संयुक्त कार्रवाई पर नजर डालें तो साल्हेवारा में 6, छुईखदान में 28 और ठेलकाडीह में 5 सहित कुल 39 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा कुल 15005 रुपये नकद जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त ताश की गड्डियां, पांच मोबाइल फोन और छह दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं। समस्त जब्त सामग्री की कुल कीमत 2,02,545 रुपये है। जिले में अवैध जुआ-सट्टा सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page