
खैरागढ़ पुलिस लाइन में हुआ वितरण
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं त्वरित बनाने के उद्देश्य से 7 नई डायल 112 वाहनों की सौगात मिली है। इन वाहनों का वितरण खैरागढ़ पुलिस लाइन से किया गया जिससे जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाओं की पहुंच और तेज हो सकेगी। जानकारी अनुसार सभी 7 डायल 112 वाहनों को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तैनात किया गया है। ज्ञात हो कि खैरागढ़ थाना क्षेत्र को 2 वाहन मिले हैं जबकि छुईखदान, गंडई, ठेलकाडीह और जालबांधा थाना क्षेत्रों को 1-1 वाहन आवंटित किया गया है। इससे इन क्षेत्रों में आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित होगी। इसके अतिरिक्त एक वाहन रिजर्व के रूप में केसीजी जिला पुलिस को प्रदान किया गया है जिसे खैरागढ़ स्थित कंट्रोल रूम में रखा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर इस वाहन का उपयोग विशेष परिस्थितियों में किया जाएगा।
पुलिस विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इन नए वाहनों के शामिल होने से कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में काफी मदद मिलेगी। डायल 112 सेवा पहले से ही आपातकालीन सहायता के लिए महत्वपूर्ण माध्यम रही है और अब नए संसाधनों के साथ इसकी प्रभावशीलता और बढ़ेगी। बता दे कि जिले में डायल 112 वाहनों की संख्या बढ़ने से पुलिस की कार्यक्षमता में सुधार होगा और आम जनता को सुरक्षा व सहायता की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।