
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने नवागांवकला में हुआ स्वस्थ पंचायत सम्मेलन
मितानिनों ने जमीनी समस्याओं से कराया अवगत
जनप्रतिनिधियों ने दिलाया सहयोग का भरोसा
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। ब्लॉक अंतर्गत ग्राम नवागांवकला में चेन्द्री माता मंदिर परिसर के पास मितानिन कार्यकर्ताओं द्वारा स्वस्थ पंचायत सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में विभिन्न गांवों से आई मितानिन कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही जहां स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि मितानिन कार्यकर्ता गांव गांव तक स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में मितानिनों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पोषण और जागरूकता के क्षेत्र में उनका कार्य सराहनीय है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है और इस दिशा में मितानिन कार्यकर्ताओं का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
जमीनी स्तर की स्वास्थ्य चुनौतियों पर खुलकर हुई चर्चा
सम्मेलन के दौरान मितानिनों ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं और चुनौतियों को अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखा। बैठक में ग्राम स्तर पर स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समिति को मजबूत बनाने तथा गांवों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान को तेज करने की आवश्यकता पर भी विचार विमर्श किया गया।
मातृ शिशु स्वास्थ्य और स्वच्छता पर रहा विशेष फोकस
सम्मेलन में ग्रामीण क्षेत्रों में प्रसूति सेवाओं की उपलब्धता बच्चों के टीकाकरण कुपोषण की रोकथाम और स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने को लेकर रणनीति तैयार करने पर चर्चा हुई। मितानिन कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए विभागीय समन्वय और सामुदायिक सहयोग को अनिवार्य बताया।
जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन, सरपंच संघ अध्यक्ष एवं भाजपा नेता दिलेश्वर यदु, आशीष राजपूत, तेजराम वर्मा, गीतांजलि देवांगन, जिला समन्वयक गीता बंजारे, स्वस्थ पंचायत समन्वयक बसंती रामानंद, तरुण साहू, सुरेखा बैस, कांति साहू, सुनीति गिरिया, पूर्णिमा साहू, ज्योति वर्मा, भागबती पाल, गंगोत्री रजक, गंगा साहू, ऋतु सिंह सहित बड़ी संख्या में मितानिन कार्यकर्ता मौजूद रहीं।