
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय खैरागढ़ में बालवाटिका-3 के विद्यार्थियों का दीक्षांत समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर नन्हे विद्यार्थी रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे-धजे कार्यक्रम में शामिल हुए जिससे समारोह का माहौल और भी आकर्षक हो गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य अंजय कुमार ने की। इस अवसर पर शिक्षिका रेणु साहू, किरण जंघेल सहित प्राथमिक विभाग के शिक्षक शिक्षिकाएं और विद्यार्थी भी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रमाण पत्र प्राप्त करने को लेकर बच्चों में विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली। कार्यक्रम में बच्चों की मुस्कान और उत्साह ने पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया। इस अवसर पर प्राचार्य अंजय कुमार ने अपने आशीर्वचन में कहा कि बालवाटिका के विद्यार्थियों ने खेल खेल में सीखने की प्रक्रिया के माध्यम से कई महत्वपूर्ण बातें सीखी हैं और अब वे अगली कक्षा में प्रवेश के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी सफलता की कामना की। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मुख्य अध्यापक विनोद कुमार परते ने सभी अतिथियों शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए समारोह का समापन किया।
