

पांच गाँवो के किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
किसानों को सुविधाएं उपलब्ध कराना ही साय सरकार का उद्देश्य- बोनी
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। कृषि क्षेत्र में सहकारिता को मजबूत करने और किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से पांडुका में नवीन सहकारी समिति का विधिवत शुभारंभ किया गया। समिति के प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों में उत्साह देखा जा रहा है क्योंकि अब उन्हें खाद बीज और अन्य कृषि आवश्यकताओं के लिए दूर-दराज के केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष आयश सिंह बोनी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ऋषभ सिंह, संजय पारख, मुकेश वर्मा और राजेश वर्मा की उपस्थिति रही वहीं किसान प्रतिनिधियों में बिसाहूँ वर्मा, रवि वर्मा और नकुल वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। अपने संबोधन में आयश सिंह बोनी ने कहा कि शासन का उद्देश्य अंतिम छोर तक किसानों को सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने भरोसा जताया कि पांडुका में स्थापित यह सहकारी समिति क्षेत्र के कृषि विकास को नई दिशा देगी और किसानों के लिए सुविधाजनक व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।

नई समिति के गठन से क्षेत्रीय संरचना में भी विस्तार हुआ है। इसके अंतर्गत पांडुका, सलिहा, कौड़िया, नवागांव और मुतेड़ा सहित कुल पांच ग्रामों को शामिल किया गया है। समिति से 832 किसान सीधे लाभान्वित होंगे जिनमें 603 पुरुष और 229 महिला किसान शामिल हैं। यह आंकड़ा ग्रामीण क्षेत्र में महिला भागीदारी को भी दर्शाता है। समिति के संचालन के लिए जिम्मेदार टीम की नियुक्ति की गई है। प्रभारी प्रबंधक के रूप में राजू पटवा, चपरासी के रूप में लोमेश साहू और चौकीदार के रूप में नीलकंठ यादव ने कार्यभार संभाल लिया है। स्थानीय किसानों का कहना है कि पहले छोटे छोटे कार्यों के लिए भी उन्हें दूर जाना पड़ता था जिससे समय और आर्थिक संसाधनों की हानि होती थी। अब पांडुका में ही सहकारी समिति की सुविधा मिलने से बैंकिंग सेवाएं ऋण उपलब्धता और खाद बीज वितरण जैसी आवश्यक सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी।

