KCG

किरायेदारों और होटल-लॉज में ठहरने वालों का होगा सत्यापन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए केसीजी पुलिस ने किरायेदार एवं होटल-लॉज में ठहरने वाले लोगों के सत्यापन का अभियान तेज कर दिया है। पुलिस की ओर से इस संबंध में नगर क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को सत्यापन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। पुलिस के अनुसार किरायेदारों और होटल-लॉज में ठहरने वाले अतिथियों की जानकारी समाधान ऐप के माध्यम से दर्ज और सत्यापित की जा रही है। अभियान के तहत मकान मालिकों होटल एवं लॉज संचालकों को अपने यहां रहने वाले प्रत्येक किरायेदार तथा ठहरने वाले अतिथि का आवश्यक विवरण निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपलब्ध कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। नगर पालिका के माध्यम से कराई जा रही मुनादी में नागरिकों से अपील की गई कि किसी व्यक्ति को किराये पर मकान देने अथवा होटल-लॉज में ठहराने से पहले उसकी पहचान और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी अवश्य जांच लें। पुलिस का मानना है कि इस व्यवस्था से क्षेत्र में रहने वाले तथा बाहर से आने-जाने वाले लोगों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से उपलब्ध रहेगा। अपराध नियंत्रण में मिलेगी मदद
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सत्यापन व्यवस्था से संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने और आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। साथ ही किसी घटना के बाद संबंधित व्यक्ति की पहचान एवं उसके ठिकाने तक पहुंचने में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी। यह व्यवस्था कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा के लिहाज से भी उपयोगी बताई गई है। संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील केसीजी पुलिस ने मकान मालिकों होटल-लॉज संचालकों और आम नागरिकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी सामने आने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सत्यापन प्रक्रिया का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाना तथा अपराधों की रोकथाम के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध रखना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page