KCG

एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में किसानों के डिजिटल डाटाबेस तैयार करने के उद्देश्य से संचालित एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन कार्य में तेजी लाने के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने विकासखंडवार प्रगति का आकलन करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अपेक्षाकृत धीमी प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन से किसानों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा जिससे उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ अधिक पारदर्शी और सुगम तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा। बैठक में पटवारियों एवं कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालकों को आपसी समन्वय के साथ गांव-गांव पहुंचकर किसानों का पंजीयन कराने उन्हें प्रक्रिया एवं लाभों की जानकारी देने तथा तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि पंजीयन कार्य की प्रतिदिन समीक्षा की जाए और लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एग्रीस्टेक पोर्टल पर सभी पात्र किसानों का पंजीयन शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page