Uncategorized

मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा

सत्यमेव न्यूज मनोहर सेन खैरागढ़। दाऊचौरा नाका के पास गुरुवार देर रात हुई एंबुलेंस दुर्घटना में मृतक युवक रविकांत साहू (27 वर्ष) का शुक्रवार को जिला सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। चिकित्सीय औपचारिकताओं के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जैसे ही शव गांव पहुंचा पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

हादसे के अगले दिन सुबह तक बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुटे रहे। भीड़ मौके पर खड़ी एंबुलेंस को देखकर चर्चा करती रही। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस जैसी आपात सेवा देने वाले वाहनों की लापरवाही आमजन के लिए खतरा बन चुकी है।

ग्रामीणों ने मांग की कि आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं और मृतक परिवार को उचित मुआवजा मिले। लोगों ने यह भी कहा कि आए दिन एंबुलेंस चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं जिससे हादसे बढ़ रहे हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और एंबुलेंस संचालन व्यवस्था की जिम्मेदारी तय करने की भी मांग उठी।

इधर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है साथ ही वाहन मालिक और संबंधित एजेंसी की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो भविष्य में और बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page