KCG

छुईखदान में H1N1 संक्रमित बच्चे के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। वार्ड नंबर 9 के कंडरापारा निवासी 4 वर्षीय उद्धव चंद्राकर के H1N1 वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र में सर्विलेंस और निगरानी अभियान तेज कर दिया है। बच्चे का उपचार राजनांदगांव स्थित संजीवनी अस्पताल में चल रहा था जहां जांच के दौरान उसके H1N1 पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। मामले की जानकारी मिलने के बाद खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष बघेल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम कंडरापारा पहुंची। टीम में लैब टेक्नीशियन अखिल वर्मा, सुपरवाइजर रोहित साहू सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे। स्वास्थ्यकर्मियों ने संक्रमित बच्चे के घर पहुंचकर परिवार के सभी सदस्यों की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और आवश्यक सैंपल एकत्र किए। इसके साथ ही संक्रमण की संभावित स्थिति का पता लगाने के लिए आसपास के घरों में भी घर-घर सर्वेक्षण किया गया। सर्वेक्षण के दौरान टीम ने लोगों से सर्दी, खांसी, बुखार सहित फ्लू जैसे लक्षणों के संबंध में जानकारी ली। स्वास्थ्यकर्मियों ने क्षेत्रवासियों को H1N1/स्वाइन फ्लू के संक्रमण से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया तथा लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में जांच कराने की समझाइश दी। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि सर्दी, खांसी, बुखार अथवा अन्य संबंधित लक्षणों को सामान्य मानकर नजरअंदाज न करें। समय पर चिकित्सकीय जांच और उपचार कराने से संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। विभाग द्वारा क्षेत्र में निगरानी एवं आवश्यक स्वास्थ्य जांच की प्रक्रिया आगे भी जारी रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page