
सत्यमेव न्यूज गंडईपंडरिया। ग्राम पंचायत दनिया में सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत जानकारी मांगने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गांव के एक युवक ने पंचायत पर जानकारी देने में टालमटोल करने और दबाव बनाने का आरोप लगाया है। वहीं पंचायत की ओर से युवक एवं उसके पिता के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। जानकारी के अनुसार ग्राम दनिया निवासी अश्वनी निर्मलकर ने पंचायत में हुए विकास कार्यों के आय-व्यय तथा वर्ष 2025 के पंचायत चुनाव के दौरान कथित रूप से मतदाता सूची से नाम हटाए जाने संबंधी जानकारी आरटीआई के तहत मांगी थी। आवेदनकर्ता का आरोप है कि संबंधित विभाग द्वारा समय पर जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। इसी सिलसिले में सुशासन तिहार के दौरान अश्वनी पुनः आवेदन लेकर ग्राम पंचायत पहुंचे लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत प्रतिनिधियों ने आवेदन लेने से इनकार कर दिया। साथ ही उनके मकान को अतिक्रमण बताकर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। दूसरी ओर ग्राम पंचायत सरपंच की ओर से गंडई थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए युवक और उसके पिता पर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने एवं अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है। मामले में अश्वनी निर्मलकर ने भी थाने में लिखित शिकायत देकर पंचायत प्रतिनिधियों पर झूठा आरोप लगाने दबाव बनाने तथा आरटीआई के तहत मांगी गई जानकारी उपलब्ध नहीं कराने की बात कही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। आवेदनकर्ता का कहना है कि पंचायत रिकॉर्ड उपलब्ध कराने में लापरवाही बरत रही है जिससे संदेह की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने संबंधित दस्तावेजों के साथ शिकायत प्रस्तुत कर उचित कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अब देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है।

