आग की चपेट में आए 5 मवेशियों की बची जान, डायल 112 ने की सहायता

सत्यमेव न्यूज गंडई। थाना गंडई क्षेत्र के टिकरीपारा में एक घर के कोठे में लगी आग के दौरान डायल 112 के जवान की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से पांच मवेशियों की जान बच गई। घटना की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 9 जून की रात लगभग 10:50 बजे डायल 112 को सूचना मिली कि टिकरीपारा निवासी सुकालु यादव के घर में आग लग गई है। आग तेजी से फैलने के कारण कोठे में बंधे मवेशी उसकी चपेट में आ गए थे और बाहर निकल नहीं पा रहे थे। सूचना मिलते ही डायल 112 में तैनात आरक्षक भूपेन्द्र नेताम तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए आग के बीच फंसे पांचों मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला साथ ही आग पर नियंत्रण पाने के प्रयासों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समय रहते की गई कार्रवाई के चलते सभी मवेशियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने आरक्षक भूपेन्द्र नेताम की तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की है। मामले में थाना गंडई में आगजनी क्रमांक 13/2026 दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Exit mobile version