
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला खैरागढ़ (केसीजी) पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बेच रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 5.760 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है जिसकी कीमत 3,840 रुपये बताई गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 फरवरी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम भरदाकला निवासी कमल महिलकर अपने घर में अंग्रेजी शराब रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना खैरागढ़ पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कवल महिलकर पिता भुनेसर महिलकर (55 वर्ष) निवासी ग्राम भरदाकला थाना खैरागढ़ जिला केसीजी को रंगे हाथों शराब बेचते पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 32 पौवा बाम्बे टू गोवा प्लेन अंग्रेजी शराब प्रत्येक 180 एमएल बरामद की गई जिसकी कुल मात्रा 5.760 लीटर है। आरोपी से शराब रखने और बिक्री के संबंध में वैध लाइसेंस मांगा गया लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 72/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
