KCG

अधूरे पीएम आवास जल्द पूरा कराने पर जोर, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से न हो समझौता- विक्रांत

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह की उपस्थिति में साल्हेवारा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकसित भारत जी राम जी योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पंचायतवार संचालित कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जो आवास अधूरे हैं उन्हें निर्धारित समय-सीमा में प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले इसके लिए मैदानी स्तर पर कार्यों की नियमित निगरानी आवश्यक है। उन्होंने विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत आगामी समय में ग्रामीणों को पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराने के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायतों में स्वीकृत एवं लंबित निर्माण कार्यों को गति देने तथा उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने को कहा। विक्रांत सिंह ने अधिकारियों-कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य कराने पर जोर दिया। बैठक में छुईखदान जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी केश्वरी देवांगन ने भी सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने मैदानी स्तर पर योजनाओं की निरंतर मॉनिटरिंग करने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ शत्रुहन साहू, ललित सोनी, मन्नू मरकाम, आनंद सिन्हा, सुरेश झारिया, सुखचैन पटेल, रामकुमार कलिहारे, रामलाल साहू, रमाकांत सिंह, मुंशीराम श्रीवास, जोहन सिंह मेरावी, मटुक सिंह, ओमप्रकाश मरकाम, निकलन यदु, वासुदेव मुंजारे, असेन मेरावी, रेखा धुर्वे, लेखन साहू, रोशन पटेल सहित साल्हेवारा क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page