KCG

जर्जर स्कूल भवन में पढ़ने को मजबूर नौनिहाल, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

खैरागढ़। ब्लॉक के ग्राम टेकापार खुर्द स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय का जर्जर भवन बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा बना हुआ है। स्कूल की छत और दीवारों से प्लास्टर एवं सीमेंट उखड़कर गिर रहे हैं। भवन में जगह-जगह दरारें दिखाई दे रही हैं वहीं प्रवेश द्वार के ऊपर छत की स्थिति भी बेहद खराब है। भवन की बदहाल हालत किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। हैरानी की बात यह है कि भवन की जर्जर स्थिति के बावजूद नन्हे बच्चे इसी स्कूल में बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। इससे बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों में भी अनहोनी की आशंका को लेकर चिंता बनी हुई है। विद्यालय जैसे सुरक्षित वातावरण में बच्चों को शिक्षा मिलनी चाहिए लेकिन यहां भवन की हालत ही उनके लिए खतरा बनी हुई है।

विद्यालय भवन की स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग एवं प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। ऐसे में जिम्मेदार अधिकारियों को किसी अप्रिय घटना का इंतजार किए बिना तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से विद्यालय भवन का तत्काल निरीक्षण कर तकनीकी जांच कराने, जर्जर हिस्सों की मरम्मत करवाने तथा बच्चों की सुरक्षा के लिए वैकल्पिक कक्षों की व्यवस्था करने की मांग की है। नौनिहालों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है कि प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द ठोस कदम उठाए।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page