
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में गैर शिक्षक एवं कल्याणकारी संघ के संयुक्त मोर्चा द्वारा जारी हड़ताल का प्रभाव अब शासन स्तर तक पहुंच गया है। कर्मचारियों के विरोध के बीच छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने प्रभारी कुलसचिव डॉ.सौमित्र तिवारी की प्रतिनियुक्ति समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया है। आदेश के तहत डॉ.तिवारी को तत्काल प्रभाव से उनकी मूल पदस्थापना अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर में वापस भेज दिया गया है। यह आदेश अवर सचिव द्वारा राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है। विश्वविद्यालय में संयुक्त मोर्चा के बैनर तले गैर शिक्षक कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने कुलसचिव की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए मानसिक उत्पीड़न असंगत कार्यभार प्रशासनिक पक्षपात तथा विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने जैसे आरोप लगाए थे। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से इन समस्याओं को लेकर शिकायतें की जा रही थीं लेकिन समाधान नहीं होने पर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। आंदोलन की शुरुआत कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से सुंदरकांड पाठ के साथ की थी। कर्मचारियों ने कुलसचिव की लगातार अनुपस्थिति को भी प्रशासनिक लापरवाही करार दिया। संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों को लेकर कुलपति, पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था जिसके बाद मामला शासन तक पहुंचा। गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रखर शरण सिंह ने बताया कि प्रतिनियुक्ति समाप्त होने के आदेश को आंदोलन का आंशिक परिणाम माना जा सकता है लेकिन कर्मचारियों की लंबित मांगों के स्थायी समाधान तक आंदोलन की आगे की रूपरेखा पर विचार किया जाएगा वहीं विश्वविद्यालयीन सूत्रों ने बताया कि यहां प्रशासन की गतिविधियों पर भी कर्मचारियों की नजर बनी हुई है।