
समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी
विलंबित गर्भवती पंजीयन मामले में नोटिस जारी करने के निर्देश
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन और उनकी निगरानी को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए रिपोर्टिंग में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला डाटा प्रबंधक तथा विकासखंड स्तर के कार्यक्रम प्रबंधकों के वेतन पर आगामी आदेश तक रोक लगाने के निर्देश दिए।
सोमवार को आयोजित बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आशीष शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण कार्यक्रम, गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, प्रसव पूर्व जांच तथा गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रमों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। बैठक में यह तथ्य सामने आया कि कई स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाएं प्रदान किए जाने के बावजूद उनकी जानकारी निर्धारित ऑनलाइन पोर्टलों पर समय पर दर्ज नहीं की जा रही है। कलेक्टर ने इसे गंभीर प्रशासनिक चूक बताते हुए जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान पेंडरवानी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं के विलंबित पंजीयन का मामला भी सामने आया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मितानिनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक परिवार तक नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बनाई जाए। उन्होंने समुदाय आधारित गतिविधियों को मजबूत करने और पात्र हितग्राहियों को समय पर स्वास्थ्य लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर चंद्रवाल ने कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं की सफलता केवल सेवाएं उपलब्ध कराने से नहीं बल्कि उनकी सटीक एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग से भी निर्धारित होती है। उन्होंने अधिकारियों को लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा विभागीय समन्वय को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी, जन आरोग्य समिति के प्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
