KCG

समय-सीमा की बैठक में योजनाओं की प्रगति पर हुआ मंथन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा हाल में दिए गए निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आमजन से जुड़े मामलों के समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान बताया गया कि 1 जून से जिले में सभी शासकीय फाइलों का संचालन ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि नई व्यवस्था का पूर्ण रूप से उपयोग सुनिश्चित किया जाए ताकि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ सके। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन आवासों को निर्धारित अवधि में पूरी कराने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति पर निगरानी रखने और आने वाली बाधाओं का तत्काल समाधान करने को कहा गया। बैठक में सुशासन तिहार 2026 के तहत प्राप्त मांगों और शिकायतों की विभागवार समीक्षा भी की गई। अधिकारियों को सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ऑनलाइन प्रविष्टि सत्यापन और निराकरण संबंधी जानकारी पोर्टल पर नियमित रूप से अद्यतन करने पर बल दिया गया। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड निर्माण, धान उठाव, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न भंडारण, गौधाम योजना, समग्र शिक्षा अभियान, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना तथा कैच द रेन अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। लोक सेवा गारंटी अधिनियम एवं ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं के लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि निर्धारित समय-सीमा में नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page