KCGटॉप न्यूज़

सड़क सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस ने अभियान चलाकर कुल 622 चालकों पर की कार्रवाई

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला यातायात पुलिस की टीम जिले के प्रमुख शहरों के प्रमुख चौक चौराहों बाजार क्षेत्रों एवं व्यस्त मार्गों पर पहुंचकर वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए समझाइश दे रही है। अभियान के दौरान वाहन चालकों को सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य उपयोग करने शराब पीकर वाहन नहीं चलाने मोटर साइकिल पर तीन सवारी नहीं बैठाने तथा बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों का उपयोग नहीं करने की हिदायत दी जा रही है। इसके अलावा मालवाहक वाहनों में सवारी नहीं बैठाने और वाहन के जरूरी दस्तावेज जैसे बीमा फिटनेस पॉल्यूशन एवं ड्राइविंग लाइसेंस अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। अप्रैल माह में अब तक कुल 622 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने के 140, तीन सवारी के 93, बिना नंबर प्लेट के 87, बिना सीट बेल्ट के 79, प्रेशर हॉर्न के 45, शराब पीकर वाहन चलाने के 27 तथा मालवाहक वाहन में सवारी बैठाने के 5 मामले शामिल हैं। अन्य धाराओं के तहत 117 प्रकरणों में भी कार्रवाई की गई है। यातायात पुलिस ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों को न्यायालय खैरागढ़ में प्रस्तुत किया जा रहा है साथ ही उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई के लिए संबंधित परिवहन विभाग को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page