
संविधान दिवस पर हुआ विधि पूर्वक आयोजन
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भारतीय संविधान दिवस में संविधान की मूल भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से बिलासपुर एवं राजनांदगांव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में संस्कार भारती हाई स्कूल ठेलकाडीह में विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पैरालीगल वालंटियर सुश्री कला प्रजापति ने किया। उन्होंने छात्रों को भारतीय संविधान की मूल अवधारणाओं संप्रभुता समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और गणतंत्र के साथ-साथ न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व की भावना से परिचित कराया। प्रजापति ने बताया कि भारतीय संविधान के मुख्य निर्माता डॉ.भीमराव अम्बेडकर को संविधान का जनक और उसकी संरचना के प्रमुख वास्तुकार के रूप में जाना जाता है। सत्र के दौरान छात्रों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों एवं अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम निःशुल्क एवं सक्षम विधिक सहायता पोक्सो एक्ट गुड टच-बैड टच साइबर अपराध आदिवासियों के अधिकार नालसा पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना, टोनही प्रताड़ना, बाल श्रम एवं बाल व्यापार मोटरयान अधिनियम सहित कई महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। साथ ही नेशनल लोक अदालत (13 दिसम्बर 2025) तथा हेल्पलाइन नंबर 15100 (विधिक सहायता) 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर फ्रॉड) की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में रूपेश सोनी, गौतम पाल, नारद महोबिया, सहित विद्यालय के सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य छात्रों को विधिक रूप से सशक्त बनाते हुए उन्हें अपने अधिकारों कर्तव्यों और संविधान की महत्ता से अवगत कराना रहा।