
आत्मानंद कन्या विद्यालय के शिक्षकों ने लिया संकल्प
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला खैरागढ़ में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शाला को आकर्षक बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. कमलेश्वर सिंह ने की जिसमें सभी शिक्षक एवं व्याख्याता उपस्थित रहे। यह बैठक 9 अप्रैल को स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव तथा 16 अप्रैल को जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. मुकुल साव द्वारा आयोजित बैठकों में तय एजेंडा और दिशा निर्देशों के आधार पर आयोजित की गई। इसमें शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और शाला में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में शिक्षकों को निर्देशित किया गया कि शासकीय स्कूलों में ऐसा माहौल बनाया जाए जिससे अभिभावक निजी विद्यालयों के बजाय सरकारी स्कूलों में बच्चों का प्रवेश कराने के लिए प्रेरित हों। विशेष रूप से कक्षा 6वीं और 9वीं में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। आगामी सत्र 2026-27 के बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने तथा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में दक्षता विकसित करने की रणनीति पर चर्चा की गई। हर तीन माह में पालक शिक्षक बैठक आयोजित कर विद्यार्थियों की प्रगति की समीक्षा करने और कमियों को दूर करने पर भी सहमति बनी। बैठक में विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए विज्ञान, खेल, साहित्य, सांस्कृतिक गतिविधियां, कला, चित्रकला और कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों को नियमित रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही प्रत्येक शनिवार को गतिविधि दिवस के रूप में मनाते हुए विद्यार्थियों को विभिन्न हाउस में विभाजित कर गार्डनिंग और स्वच्छता समूह बनाने पर जोर दिया गया। शाला परिसर को आकर्षक बनाने के लिए वृक्षारोपण फूलों की सजावट और दीवारों पर शैक्षणिक चित्रों के अंकन की योजना भी तैयार की गई। विद्यार्थियों के लिए व्यक्तिगत शिक्षण योजना तैयार करने नीट और जेईई जैसी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को आमंत्रित कर करियर काउंसलिंग आयोजित करने पर भी बल दिया गया। इसके अलावा, प्रत्येक माह छत्तीसगढ़ के महापुरुषों की जीवनी से विद्यार्थियों को परिचित कराने, दैनिक प्रार्थना के माध्यम से राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, सरस्वती वंदना और अन्य वैदिक मंत्रों के गायन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी साझा किए गए। बैठक में कन्या पूर्व माध्यमिक शाला की प्रधान पाठक संगीता सिंह और संकुल समन्वयक राजकुमार वर्मा सहित समस्त शिक्षकों ने शाला में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने का संकल्प लिया। अंत में सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया है।
