KCGछत्तीसगढ़

महंगाई की मार से बिगड़ा रसोई का बजट, कांग्रेस ने सरकार पर बोला हमला

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई तथा खाद्य सामग्री की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष रणजीत सिंह चंदेल ने भाजपा की केंद्र एवं राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और रसोई का बजट लगातार बिगड़ता जा रहा है। प्रेस को जारी बयान में चंदेल ने शक्कर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का उल्लेख करते हुए कहा कि महज चार दिनों में शक्कर के दाम में करीब 17 रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई है। इसके चलते शक्कर का भाव 70 रुपये प्रति किलो से अधिक पहुंच गया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक दशक में शक्कर के दामों में यह बड़ी बढ़ोतरी है जिसका सीधा असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की घरेलू अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है।

रणजीत सिंह चंदेल ने कहा कि रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं, राशन और ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से आम परिवारों के सामने घरेलू खर्च चलाने की चुनौती बढ़ गई है। महंगाई का असर सबसे अधिक निम्न और मध्यम आय वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार के ‘महंगाई कम करने’ के वादे पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद आम जनता को राहत नहीं मिल रही है। सरकार को महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

चंदेल ने कहा कि महंगाई से आज समाज का हर वर्ग प्रभावित है। सरकार की आर्थिक नीतियों और महंगाई पर नियंत्रण की विफलता का खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनता बढ़ती महंगाई तथा सरकार की नीतियों को बारीकी से देख रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता अपने मताधिकार के माध्यम से महंगाई और सरकार की नीतियों का जवाब देगी।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page