Advertisement
Uncategorized

विक्रांत ने छात्र भगवती को दी बधाई, कहा- मेहनत और लगन से मिलती है मंज़िल

सत्यमेव न्यूज मनोहर सेन खैरागढ़। छुईखदान ब्लॉक के ग्राम पंचायत सीताडबरी निवासी छात्र भगवती साहू पिता संतराम साहू ने छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में सब-इंस्पेक्टर (एसआई) के पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। भगवती साहू की उपलब्धि पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह स्वयं उनके घर पहुँचे। उन्होंने भगवती साहू को पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर विक्रांत सिंह ने कहा कि “क्षेत्र के युवाओं में असीम संभावनाएँ हैं। सही दिशा और मेहनत से कोई भी मंज़िल हासिल की जा सकती है। भगवती की सफलता इसका जीवंत उदाहरण है।” इस मौके पर छुईखदान भाजपा मंडल अध्यक्ष भावेश कोचर, नवनीत जैन, अशोक पाल, दीना जंघेल, अजय जंघेल, कमलेश जंघेल, बलराम जंघेल सहित अनेक स्थानीय भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मिठाई खिलाकर भगवती साहू को बधाई दी और उनकी सफलता पर गर्व व्यक्त किया। सोशल मीडिया पर भी क्षेत्रवासियों ने भगवती साहू को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए भगवती साहू ने कहा कि “मेरी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को जाता है। यदि ठान लिया जाए तो कोई भी सपना अधूरा नहीं रहता।” भगवती की इस सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि साबित करती है कि छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page