
संयुक्त जिला कार्यालय भवन, सर्किट हाउस, अमनेर नदी पुल एवं सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति का लिया जायजा


निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश
खैरागढ़। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने 2 नवंबर को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के प्रवास के दौरान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संयुक्त जिला कार्यालय भवन, सर्किट हाउस, खैरागढ़ बायपास मार्ग पर अमनेर नदी में निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल तथा सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
18.75 करोड़ की लागत से बन रहा संयुक्त जिला कार्यालय भवन
सचिव श्री बंसल ने 18.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता एलएनएस राठौर ने बताया कि भवन के भूतल में स्तंभ निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। प्रथम तल के ब्लॉक ‘ए’ में स्लैब शटरिंग का कार्य प्रगति पर है जबकि ब्लॉक ‘बी’ एवं ‘सी’ में स्लैब का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। भवन का निर्माण जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सर्किट हाउस का निर्माण मार्च 2027 तक होगा पूर्ण
इसके बाद सचिव ने खैरागढ़ में 3.04 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन सर्किट हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि भवन के ऊपरी ढांचे का निर्माण कार्य जारी है तथा इसे मार्च 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
अमनेर नदी पर निर्माणाधीन पुल का लिया जायजा
सचिव श्री बंसल ने खैरागढ़ बायपास मार्ग पर अमनेर नदी में बन रहे उच्चस्तरीय पुल के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि पुल के दोनों एबटमेंट का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा पांचों पियर का निर्माण पूरा कर लिया गया है। छह स्पैन में से तीन का कार्य और एक स्पैन की ढलाई का कार्य प्रगति पर है। पुल का निर्माण फरवरी 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। सचिव ने निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान राज्य मार्ग क्रमांक-05 के अंतर्गत खैरागढ़ संभाग में चल रहे 10.40 किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य की भी समीक्षा की गई। सचिव ने निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं की जानकारी लेते हुए 10 किलोमीटर डीबीएम कार्य, 400 मीटर क्षेत्र में वृक्ष कटाई तथा पाइपलाइन एवं विद्युत पोल स्थानांतरण से संबंधित समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा किया जाए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता डीके भतपहरी, दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एनके जैन, अधीक्षण अभियंता श्रीमती अर्पणा चौरागा, खैरागढ़ संभाग के कार्यपालन अभियंता एलएनएस राठौर, सेतु संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता चंद्रकिशोर पाण्डेय, विद्युत एवं यांत्रिकी संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता अब्दुल कादिर सहित विभागीय अधिकारी, उपअभियंता एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

