
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने शनिवार को राज्यपाल गोद ग्राम सोनपुरी पहुंचकर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत निर्माणाधीन आजीविका डबरी का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति गुणवत्ता तथा तकनीकी मानकों की विस्तार से समीक्षा की और कार्य में आवश्यक सुधार तथा गति बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि आजीविका डबरी ग्रामीण हितग्राहियों के लिए आय के स्थायी स्रोत के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ मत्स्य पालन उद्यानिकी तथा कृषि गतिविधियों के विस्तार की भी संभावनाएं बढ़ेंगी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने संबंधित विभागों के समन्वय से हितग्राहियों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने पर जोर देते हुए उद्यानिकी, मत्स्य एवं कृषि विभाग को संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि डबरी का बहुउद्देशीय उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत के तकनीकी सहायक, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक सहित हितग्राही उपस्थित रहे।