
सम्मान समारोह के बाद निकलेगी नगर भ्रमण रैली, झांकियां और पंथी नृत्य रहेंगे प्रमुख आकर्षण
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। सतनाम पंथ के महान संत एवं समाज सुधारक गुरु घासीदास जी के द्वितीय पुत्र शूरवीर राजा गुरु बालकदास जी की जयंती को लेकर खैरागढ़ में तैयारियां तेज हो गई हैं। जयंती के अवसर पर रविवार 6 सितंबर को दिलीप सिंह मंगल भवन में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। समारोह में सतनामी समाज के संत-महंत भंडारी साटीदार पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन शामिल होंगे।
आयोजन की शुरुआत दोपहर 12 बजे पंथी पार्टी एवं समाजसेवी सम्मान समारोह से होगी। इस दौरान समाज और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे नगर भ्रमण रैली निकाली जाएगी। रैली में राजा गुरु बालकदास जी की झांकी के साथ जैतखाम की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा डीजे पंथी नृत्य और विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रैली की शोभा बढ़ाएंगी। आयोजकों के अनुसार रैली के माध्यम से समाज की सांस्कृतिक परंपराओं और संत परंपरा से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
सामाजिक एकता और विचारों को दिया जाएगा संदेश
जयंती समारोह के दौरान राजा गुरु बालकदास जी के जीवन, उनके सामाजिक सरोकारों और समाज के लिए किए गए योगदान को याद किया जाएगा। आयोजन समिति का उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर सामाजिक एकजुटता को मजबूत करना भी है। समारोह में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं जलपान की व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति ने समाज के सभी वर्गों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति के अध्यक्ष उमेश कोठले के नेतृत्व में पदाधिकारी और सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं। समिति द्वारा रैली और सम्मान समारोह को व्यवस्थित एवं भव्य रूप देने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।