KCG

महिला दिवस पर खैरागढ़ के सोनपुरी की दो महिलाएं हुई राज्यपाल के हाथों सम्मानित

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में गोदग्राम सोनपुरी की लीलेश्वरी वर्मा और सोहद्रा पाल को राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया। लोक भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से 280 महिलाओं को आमंत्रित किया गया था जिनमें से 20 महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। जिले के कलेक्टर इंद्रजीत चन्द्रवाल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में दोनों महिलाओं का चयन इस सम्मान के लिए किया गया था। समारोह में सबसे पहले सोनपुरी की लीलेश्वरी वर्मा को सम्मानित किया गया। उन्होंने गांव में महिलाओं को प्रेरित करते हुए किराना व्यवसाय के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई है और लखपति दीदी के रूप में भी जानी जाती हैं। इसके बाद सोनपुरी की सोहद्रा पाल को बकरी पालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मान मिला। उन्होंने गांव की महिलाओं को संगठित कर स्वच्छता आजीविका और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने का काम किया है। उनके प्रयासों से कई महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

कार्यक्रम में मगरलोड विकासखंड की एक शिक्षिका ने भी अपने नवाचारों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बच्चों की पढ़ाई में रुचि बढ़ाने के लिए कई स्कूलों में स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराए गए हैं और विद्यार्थियों को बचत की आदत विकसित करने के लिए गुल्लक भी वितरित किए गए हैं। इस अवसर पर राज्यपाल ने महिलाओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़कर समाज और देश के विकास में भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को ऐसा कार्य करना चाहिए जिससे समाज को लाभ मिले और आत्मसंतोष प्राप्त हो जैसे स्वच्छता बनाए रखना और जरूरतमंदों की मदद करना। साथ ही उन्होंने सरकार द्वारा परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। राज्यपाल ने समारोह के दौरान लीलेश्वरी वर्मा से उनकी किराना दुकान से होने वाली आय के बारे में जानकारी ली और सोहद्रा पाल के बकरी पालन व्यवसाय की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणादायी हैं। लोक भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में सोनपुरी से लीलेश्वरी वर्मा और सोहद्रा पाल के साथ सहायक जिला समन्वयक बैधनाथ वर्मा भी उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page