Advertisement
Uncategorized

महिला को टक्कर मारकर फरार होने वाला बाइक चालक गिरफ्तार

सत्यमेव न्यूज गंडई। गंडई थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में महिला की मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने टक्कर मारकर फरार हुए लाल रंग की पल्सर मोटरसाइकिल के चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 जनवरी 2026 की सुबह लगभग 7:40 बजे ग्राम मरदकठेरा निवासी 53 वर्षीय ललिता साहू अपने घर से खेत में बोए गए चना और गेहूं की फसल की निराई गुड़ाई और रखवाली करने भोजन का डिब्बा लेकर पैदल निकली थीं। करीब 8 बजे वह ग्राम धोधा चौक के आगे कालेगोंदी रोड पर पहुंची थीं। इसी दौरान कालेगोंदी की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही लाल रंग की पल्सर मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर सिर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 एवं 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि संदिग्ध मोटरसाइकिल का चालक वाहन का हेडलाइट वाइजर बनवाने सहसपुर लोहारा स्थित रामा बजाज शोरूम पहुंचा था। इस आधार पर पुलिस ने पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 AU 3664 के चालक शैलेन्द्र निर्मलकर निवासी ग्राम ईरिमकसा थाना गंडई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। मामले में धारा 105 बीएनएस भी जोड़ी गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page