
छुईखदान पहुंचे चेलक ने युवाओं से अधिक मतदान की अपील
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव प्रचार के तहत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सत्येंद्र चेलक ने गुरुवार को छुईखदान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिला कांग्रेस एवं युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चुनाव को लेकर चर्चा की तथा अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। स्थानीय बैठक में नेताओं ने युवक कांग्रेस चुनाव को संगठन को मजबूत बनाने का अवसर बताते हुए युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है। गंडई नगर पंचायत अध्यक्ष तारकेश्वर शाह खुसरो ने कहा कि युवाओं की एकजुटता संगठन को नई ऊर्जा देगी। वहीं देवराज किशोर दास ने युवाओं से स्वच्छ राजनीति और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व लगातार युवाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रहा है और आने वाले समय में युवाओं की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होगी। गिरिराज किशोर दास ने युवक कांग्रेस चुनाव को संगठन की मजबूती का आधार बताते हुए नए युवाओं को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया। जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सज्जाक खान ने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को कांग्रेस से जोड़कर भविष्य का मजबूत नेतृत्व तैयार किया जाना चाहिए। वहीं अनूप वर्मा ने सत्येंद्र चेलक को सक्रिय एवं संघर्षशील युवा नेता बताते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी मतदान में अधिकाधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। अपने संबोधन में सत्येंद्र चेलक ने कहा कि युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है उस पर वे पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं के अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वे निरंतर संघर्ष करते रहेंगे। साथ ही सभी युवा साथियों से अधिक से अधिक मतदान कर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की है। कार्यक्रम में रिंकू गुप्ता, नदीम मेमन, राजा सोलंकी, अमन सोनी, कोमल देवांगन, मनीष कोचर, इशू दुबे, मानव झा, अभिनव टंडन, गोपेन्द्र सिंह कुंजाम सहित युवक कांग्रेस एवं कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
