Uncategorized

जिले में 61 हजार 9 सौ 74 किसानों से हुई 35.17 लाख क्विंटल धान की खरीदी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य पूरी पारदर्शिता और सुचारू व्यवस्था के साथ जारी है। शासन की मंशा के अनुरूप संचालित इस प्रक्रिया से किसानों को न केवल उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है बल्कि समय पर भुगतान से प्रशासन के प्रति उनका भरोसा भी मजबूत हुआ है। जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब तक जिले के 61,974 किसानों से कुल 35 लाख 17 हजार 669 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके बदले किसानों को 776 करोड़ 58 हजार रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई है। समयबद्ध भुगतान के कारण किसानों को आर्थिक राहत मिली है जिससे वे आगामी कृषि कार्यों की तैयारी बेहतर ढंग से कर पा रहे हैं। इससे खेती-किसानी की निरंतरता बनी हुई है और किसानों में संतोष का माहौल देखा जा रहा है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल के मार्गदर्शन में जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण, धान की गुणवत्ता की जांच, स्टॉक का सत्यापन तथा परिवहन व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो। धान खरीदी केंद्रों पर किसानों ने बताया कि समर्थन मूल्य पर उपज की खरीदी और त्वरित भुगतान से उन्हें उनकी मेहनत का सही मूल्य मिल रहा है। इससे शासन और प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन करते हुए धान विक्रय करें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित खरीदी केंद्र या प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करें।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page