Uncategorized

छुईखदान में रास गरबा की धूम, 1500 प्रतिभागियों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा

छुईखदान। शहीद नगरी छुईखदान में रास गरबा एवं शाही दशहरा उत्सव समिति तथा नगर पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय गरबा महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार की रात हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ हुआ। स्थानीय फुटबॉल मैदान में आयोजित इस भव्य महोत्सव में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। करीब 40 समूहों के लगभग 1500 प्रतिभागियों की सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक परिधान और मधुर संगीत की धुनों पर थिरकते प्रतिभागियों ने पूरे वातावरण को गरबामय कर दिया। महिलाओं, बच्चों, युवाओं और पुरुषों ने पारंपरिक गरबा नृत्य के माध्यम से अपनी कला, प्रतिभा और सांस्कृतिक विरासत का खूबसूरत प्रदर्शन किया। नन्हे बच्चों से लेकर विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आकर्षक नृत्य संयोजन, समूहों की एकरूपता और पारंपरिक गरबा शैली ने दर्शकों को देर रात तक मैदान में बांधे रखा।

छुईखदान में लगातार पांच वर्षों से आयोजित हो रहा यह गरबा महोत्सव अब नगर की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य भारतीय लोक संस्कृति और पारंपरिक नृत्य विधाओं को प्रोत्साहित करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों एवं परंपराओं से जोड़ना है। पारंपरिक गरबा प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने भारतीय संस्कृति की समृद्धि, विविधता और लोक परंपराओं की जीवंत झलक पेश की।

तीन दिवसीय महोत्सव में मिनी, जूनियर और सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। आयोजन के पहले दिन प्रतिभागियों को अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए खुला मंच दिया गया वहीं, दूसरे और तीसरे दिन विभिन्न वर्गों के बीच गरबा प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक मंडल प्रतिभागी समूहों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समूहों का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह है और आगामी प्रस्तुतियों को लेकर आयोजन स्थल पर भी उत्सुकता का माहौल बना हुआ है। गरबा महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर रास गरबा एवं शाही दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष राजा गिरिराज किशोर दास, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रकाश महोबिया, पार्षद महेश नारकर, समाजसेवी संतोष कामडे, जिला पंचायत सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे नगर की सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने, सामाजिक सहभागिता बढ़ाने और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।महोत्सव के सफल आयोजन में अनिमेष महोबिया, शैव्या वैष्णव, अनुराग सोनी और निलेश गुप्ता सहित आयोजन समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page